रोटरी क्लब नाहन ने मंगलवार को लोगों को कपड़े से बने पर्यावरण के अनुकूल 110 बैग निशुल्क वितरित किये। शहर से प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल को कम करने के उद्देश्य से क्लब से जुड़ी महिलाओं ने यह कदम उठाया। क्लब की सदस्यों ने नाहन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को कपड़े के बैग दिए और साथ ही जागरूकता संबंधी पंफलेट भी वितरित किए। इन पंफलेट के जरिये लोगों से अपने साथ बाजार आते हुए कपड़े का बैग रखने का भी आह्वान किया। क्लब की प्रधान सोना चंदेल ने लोगों से अपने घरों और दुकानों का कचरा खुले में न फेंकने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का कार्य यहां-वहां फेंका गया कचरा एकत्रित करने का नहीं है। लोग अपना कचरा नगर परिषद की कूड़ा संग्रहण गाड़ी में ही दें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल सरकार या नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास सफाई रखने का संकल्प ले, तो नाहन शहर को सुंदर, स्वच्छ और स्वस्थ बनाना बिल्कुल संभव है। इस अवसर पर क्लब की कई महिला सदस्य मौजूद रहीं।