प्रदेश की कांग्रेस सरकार झूठ के नये-नये कीर्तिमान स्थापित कर रही है। यह झूठ न केवल हिमाचल बल्कि हिमाचल के बाहर भी परोसा जा रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने यह आरोप वीरवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में जड़े। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मंडी में सरकारी खर्चे पर जमावड़ा इकट्ठा किया। वहां पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार ने सात गारंटियां पूरी कर दी है। उनमें से एक गारंटी महिलाओं को हर महीने दिए जाने वाले 1500 रुपये भी शामिल हैं। प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को पहली केबिनेट से यह पैसा मिलना था। लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी महिलाओं को फूटी कौड़ी भी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यही झूठ परोसने कार्य दिल्ली में कांग्रेस की रैली में भी किया गया। रैली में बताया गया कि हिमाचल में 10 में से 7 गारंटियों को पूरा कर लिया गया है। जबकि प्रदेश की जनता, युवा वर्ग, किसान, बागवान, महिलाएं जानती है उन्हें अभी तक कितनी सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने आरोप जड़ा कि कांग्रेस सरकार और इसके नेता जनता को बरगलाने का कार्य कर रहे हैं। उन्हें धोखा दे रहे हैं।