उपायुक्त कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को बीएसएनएल की अर्धवार्षिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता सांसद सुरेश कश्यप ने की। बैठक में देश की हर पंचायत को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोडऩे के लक्ष्य को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही हिमाचल प्रदेश में चल रही भारतनेट और 4जी सैचुरेशन परियोजना पर भी चर्चा की गई। बीएसएनल बिजनेस एरिया सोलन के जनरल मैनेजर जसपाल सिंह ने बताया कि इस दौरान केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत देश की प्रत्येक पंचायत को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ने के लक्ष्य पर जोर दिया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि हिमाचल प्रदेश में करीब 20 हजार किलोमीटर क्षेत्र में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जानी है। वहीं सोलन और सिरमौर जिलों में लगभग 7 हजार किलोमीटर फाइबर नेटवर्क बिछाने का लक्ष्य तय किया गया है। इन दोनों जिलों के तहत कुल 11 विकास खंडों में यह कार्य किया जाना है। उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब में 27 ग्राम पंचायतों, धर्मपुर में 22 ग्राम पंचायतों और नालागढ़ में 13 ग्राम पंचायतों में ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का कार्य पूरा किया जा चुका है। जबकि कई अन्य ग्राम पंचायत में कार्य प्रगति पर है और कई जगह कार्य शुरू होने जा रहा है।