राजकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक पाठशाला प्रेमनगर में सुबह की प्रार्थना की सभा में एक अनूठी पहल का आगाज किया गया। यहां पर प्री प्रायमरी के बच्चों ने पूरी प्रार्थना सभा का संचालन किया। प्रार्थना का नेतृत्व नर्सरी की छात्रा कोमल द्वारा किया गया। प्रार्थना सभा की विशेष बात यह रही कि सुबह की सारी गतिविधियां इन नन्हे-नन्हे बच्चों ने आयोजित की। इसमें प्रार्थना सभा, गायत्री मंत्र, प्रतिज्ञा, विचार, भाषण, कविता पाठ, समाचार, सामान्य ज्ञान के प्रश्न-उत्तर आदि संपूर्ण गतिविधियों को इन बच्चों ने बड़े अच्छे ढंग से निभाया। पाठशाला की अध्यापिका सृष्टि शर्मा ने इन बच्चों को सुबह की प्रार्थना सभा के संचालन के लिए तैयार किया था। पाठशाला के प्रभारी मायराम शर्मा ने बताया कि इस तरह की गतिविधियां से बच्चों के मनोबल में वृद्धि होती है और बच्चों में नेतृत्व करने की क्षमता का विकास होता है। इस प्रार्थना सभा की माध्यमिक पाठशाला के प्रभारी भविंद्र सिंह, शिक्षक अंशु और शास्त्री जगतराम शर्मा ने भी प्रशंसा की। प्रार्थना सभा के बेहतर संचालन से खुश होकर अध्यापकों ने बच्चों को कॉपी, पेंसिल, रबड़ व शार्पनर देकर सम्मानित किया और बच्चों को मिठाई खिलाई।