शिक्षा सत्र 2026-27 में पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन का नाम बदलकर पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन हो गया है। सीबीएसई से संबंद्ध होने के साथ ही स्कूल में सह-शिक्षा (को एजुकेशन) शुरू हो चुकी है। यानी इस शिक्षा सत्र से यहां पर पहली बार छात्राओं के साथ-साथ छात्रों को भी दाखिला मिल रहा है। हालांकि शुरूवाती चरण में स्कूल में दाखिला प्रक्रिया अभी सुस्त गति से चल रही है। अब तक यहां पर 225 के करीब विद्यार्थी दाखिला ले चुके हैं। 17-18 अप्रैल तक ये आंकड़ा करीब 600 तक पहुंचने वाला है। अंतिम वर्ष भी यहां पर 581 छात्राओं ने दाखिला लिया था। हर साल ही स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया 15 अप्रैल के बाद ही गति पकड़ती है। विशेष बात यह है कि इस बार स्कूल में सीबीएसई की पढ़ाई शुरू की गई है। दसवीं और 12वीं कक्षा को छोड़कर सभी कक्षाओं में सीबीएसई की पढ़ाई होगी। अगले सत्र से बोर्ड की इन कक्षाओं को भी सीबीएसई से संबंद्ध किया जाएगा। कार्यवाहक प्रधानाचार्य दीपिका ने बताया कि स्कूल में सरकारी फीस स्ट्रक्चर पर ही सीबीएसई की पढ़ाई करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल तक बिना ले फीस और उसके बाद लेट फीस के साथ दाखिला लिया जा सकता है। स्कूल में इस वर्ष 600 के करीब अनलोरमेंट रहने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि स्कूल में अब तक छठी कक्षा में 74 नये बच्चों ने प्रवेश लिया है।