सिरमौर जिले के लोगों को मंगलवार को स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सौगात मिली। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के नाहन डिपो में इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ किया गया। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने स्थानीय विधायक अजय सोलंकी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में बस अड्डा नाहन से नाहन-त्रिलोकपुर रूट पर इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री, विधायक ने एचपी-71ए-9360 नंबर की इलेक्ट्रिक बस में सफर कर नई सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान बस की आधुनिक सुविधाओं और पर्यावरण अनुकूल तकनीक की जानकारी भी ली गई। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण हितैषी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नाहन डिपो को फिलहाल 15 इलेक्ट्रिक बसें मिल चुकी हैं, जबकि 10 बसें और उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अवसर पर उपायुक्त प्रियंका वर्मा, एडीएम एकता काप्टा, पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी, एसडीएम राजीव सांख्यान, डीडीएम रामदयाल सहित जिला प्रशासन, एचआरटीसी के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।