सिरमौर जिले के बर्फीले क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत नौहराधार क्षेत्र के 10 राजस्व गांवों में जनगणना कार्य के लिए 20 प्रगणकों और पांच निरीक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रशिक्षण शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत भवन नौहरा में किया जा रहा है। इसका शुभारंभ चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार ने किया। इस दौरान उपमंडल अधिकारी संगड़ाह सुनील कायथ ने प्रशिक्षण कार्यशाला का निरीक्षण किया और जनगणना कार्य से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली। प्रशिक्षकों सुरेंद्र पुंडीर और प्रोफेसर वेद प्रकाश शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के दूसरे चरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश समेत देश के बर्फीले क्षेत्रों में 1 से 30 सितंबर तक दूसरे चरण की जनगणना का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। परिवार के प्रत्येक सदस्य से पूछे जाएंगे 40 सवाल प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि दूसरे चरण में परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें शिक्षा, रोजगार, धर्म, जाति और भाषा समेत करीब 40 सवाल शामिल होंगे। प्रगणकों और निरीक्षकों को घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जानकारी दर्ज करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकारियों ने जनगणना कार्य को व्यवस्थित और सही तरीके से पूरा करने के लिए सभी कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्वगणना में भाग लेने की अपील उपमंडल अधिकारी संगड़ाह सुनील कायथ ने आम लोगों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों और अधिकारियों से जनगणना अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 17 अगस्त से शुरू हुए स्वगणना कार्य में अधिक से अधिक लोग भागीदारी करें, ताकि अभियान को सफल बनाया जा सके। उन्होंने लोगों से जनगणना के दौरान मांगी जाने वाली जानकारी सही तरीके से उपलब्ध करवाने और संबंधित कर्मचारियों का सहयोग करने का आग्रह किया। अधिकारियों के अनुसार जनगणना के दूसरे चरण के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रशिक्षित प्रगणकों और निरीक्षकों के माध्यम से बर्फीले क्षेत्रों में जनगणना का कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जाना है।