कोरोना काल में लोग इतना कोरोना से नहीं डरते थे जितना अब डेंगू के बुखार से डर रहे हैं। यह टिप्पणी मंगलवार को नाहन के सिरमौर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता में समाजसेवी नाथू राम ने की। उन्होंने कहा कि लगातार सिरमौर में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। कई गरीब लोगों मर भी चुके हैं, लेकिन उन्हें पता ही नहीं चल पाया कि उन्हें डेंगू हुआ था। नाथू राम चौहान ने इस दौरान सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नाहन में दिनभर पर्ची बनवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। डेंगू के रोगी को कई घंटों तक भीड़ में खड़ा रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए दो कांऊटर और खोलने के लिए कहा था, लेकिन नहीं खोले गए। उन्होंने कहा कि दवाएं देना तो दूर की बात पर्ची बनाने में ही हालत खराब है। उन्होंने कहा कि हालत यह है कि लोग निजी अस्पतालों का रूख कर रहे हैं और मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में जाने से कतरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार व प्रशासन जल्द डेंगू के मामले में संतोषजनक कार्रवाई नहीं करते हैं तो नाहन चौगान मैदान में आंदोलन होगा। इस अवसर पर साधना, विनोद भटनागर आदि मौजूद रहे।