आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण करने और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पशुपालन विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर टीकाकरण, नसबंदी अभियान चलाया जा रहा है। पशुपालन विभाग के सहायक निदेशक डॉ. सतीश शर्मा ने बताया कि एनिमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम के तहत जिले में अब तक 3951 लावारिस कुत्तों का टीकाकरण किया जा चुका है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लावारिस कुत्तों से फैलने वाली बीमारियों पर नियंत्रण और उनकी बढ़ती जनसंख्या पर रोक लगाना है। नगर परिषद के सहयोग से जिले में 500 से अधिक आवारा कुत्तों की नसबंदी भी की जा चुकी है, जिससे भविष्य में उनकी संख्या को नियंत्रित किया जा सके।