सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित वित्तीय मांगों पर चर्चा की गई। बैठक में पेंशन, एरियर, महंगाई भत्ता (डीए) और मेडिकल बिलों के भुगतान में हो रही देरी पर चिंता जताते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग की गई। संघ के जिला अध्यक्ष ओएल चौहान ने कहा कि लंबे समय से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कई वित्तीय लाभ लंबित हैं। इनमें एरियर, डीए की किस्तें और मेडिकल बिलों का भुगतान प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों में सरकार को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। बैठक में कॉरपोरेट क्षेत्र से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी पेंशन सुविधा देने की मांग उठाई गई। साथ ही बिजली बोर्ड और एचआरटीसी के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को समय पर वेतन और पेंशन जारी करने की मांग भी रखी गई। पेंशनर्स संघ ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। इसके लिए 8 अगस्त को शाहपुर में आयोजित बैठक में आगामी रणनीति तय की जाएगी।