हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के कमरऊ तहसील के बागनाधार स्थित माइन में मंगलवार को भारी भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसकने से वहां खड़े तीन डंपर मलबे में दब गए और इनमें मौजूद तीन लोगों के भी मलबे में दबे होने की सूचना है। लगातार गिर रहे मलबे और घने कोहरे के बीच प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। मलबे में दबे लोगों की पहचान अनिल कुमार निवासी बड़वास, गजेंद्र सिंह (65) निवासी नेपाल और धन सिंह (68) निवासी नेपाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीण गुमान सिंह ने प्रशासन को दी। इसके बाद नायब तहसीलदार कमरऊ, कानूनगो और हल्का पटवारी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत कार्य शुरू करवाया। मलबे की भारी मात्रा के कारण दबे लोगों तक पहुंचने में चुनौती बनी हुई है। वहीं पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर और मलबा गिरने के कारण मौके पर बचाव अभियान चलाना जोखिम भरा बना हुआ है। घटना स्थल पर घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता कम हो गई है। इसके साथ ही पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण राहत दलों को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ने में परेशानी आ रही है। प्रशासन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि बागनाधार के माइन में भूस्खलन की सूचना मिलने पर प्रशासन की टीमें मौके पर भेजी गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की टीम को भी मौके के लिए रवाना किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों तक जल्द से जल्द पहुंचना है। रेस्क्यू अभियान के लिए आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि तीन लोगों के दबने की जानकारी मिली है।