सिरमौर जिले के अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले में इस बार लोगों को पहली बार वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रोमांच देखने को मिलेगा। पूर्व सैनिक संगठन रेणुकाजी, संगड़ाह मेला प्रशासन के सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। अब तक मेले में दंगल का आयोजन होता रहा है, लेकिन इस बार खेल गतिविधियों में वॉलीबॉल को भी शामिल किया गया है। पूर्व सैनिक संगठन रेणुकाजी, संगड़ाह के संयोजक रणदीप शर्मा ने मंगलवार को नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेणुकाजी मेला 19 से 24 नवंबर तक आयोजित होगा, जबकि वॉलीबॉल प्रतियोगिता 20 नवंबर से शुरू होगी। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 24 नवंबर को खेले जाएंगे। रणदीप शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक दिन एक स्लॉट में आठ टीमों को बुलाया जाएगा। इनमें से एक टीम को सेमीफाइनल के लिए चुना जाएगा। प्रतियोगिता हिमाचल और ग्रामीण स्तर पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुकाबले वन्य प्राणी विभाग कार्यालय के वॉलीबॉल मैदान में होंगे। प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। रणदीप शर्मा ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और इसका असर युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकता है। इसी उद्देश्य से मेले में वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू करने की पहल की गई है। पत्रकार वार्ता के दौरान संगठन ने संगड़ाह क्षेत्र में अवैध खनन का मुद्दा भी उठाया। हालांकि, इस संबंध में संगठन की ओर से विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई गई। इस मौके पर संगठन के अध्यक्ष ओम प्रकाश कंठ, मुख्य सलाहकार जेआर शर्मा और सदस्य ओम प्रकाश मौजूद रहे।