सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में उस समय माहौल गरमा गया जब आनन-फानन में नगर परिषद अध्यक्षा ने पार्षदों के साथ मिलकर यहां पार्किंग का उद्घाटन कर दिया। हालांकि, पार्किंग का उद्घाटन विधायक नाहन की ओर से 25 फरवरी को किया जाना तय हुआ था। जैसे ही कांग्रेस समर्थित पार्षदों को इसकी जानकारी मिली उन्होंने तुरंत पुलिस को बुलाकर उद्घाटन पट्टिका को उतरवा दिया। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। बुधवार को पहले भाजपा समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर ने अपने भाजपा पार्षदों के साथ पार्किंग का उदघाटन किया तो वहीं कुछ मिनटों बाद ही कांग्रेस पार्षदों ने भनक लगते ही नगर परिषद अधिकारियों व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर उदघाटन को गैर सांविधानिक करार देते हुए भाजपा समर्थित उदघाटन पट्टिका को यहां से हटाया। साथ ही एक शिकायत जिला के एसपी रमन कुमार मीणा को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। भाजपा समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर ने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पार्किंग बनकर तैयार हो गई थी लेकिन कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही बजट पर फुलस्टॉप लगा दिया गया। उन्होंने कहा कि आज विधिवत दो मंजिला पार्किंग का उद्घाटन किया गया है जिसमें सैकड़ों गाड़ियां खड़ी होने की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि शहर की पार्किग समस्या का काफी हद तक अब समाधान होगा। उधर, कांग्रेस समर्थित पार्षद राकेश गर्ग ने कहा कि नगर परिषद की दो मंजिला पार्किंग का उद्घाटन 25 फरवरी को विधायक अजय सोलंकी की ओर से किया जाना है। भाजपा नगर परिषद अध्यक्ष एवं पार्षद तानाशाही कर रहे हैं और आज जबरदस्ती पार्किंग का उद्घाटन किया गया है। इसे लेकर एसपी को एक शिकायत सौंपी गई है। भाजपा की गुंडागर्दी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नही की जाएगी। कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नाहन संजय तोमर ने बताया कि भाजपा समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर की ओर से एवं कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी की ओर से नगर परिषद की दो मंजिला पार्किंग के उद्घाटन को लेकर प्रस्ताव प्राप्त हुआ था जिसे उच्च अधिकारियों को भेजा गया था। उच्च अधिकारियों से प्राप्त हुए निर्देशों अनुसार 25 फरवरी को विधायक अजय सोलंकी द्वारा पार्किंग का उद्घाटन किया जाना था लेकिन आज नगर परिषद की अध्यक्षता श्यामा पुंडीर व भाजपा पार्षदों ने उद्घाटन किया है जिसकी उद्घाटन पट्टिका पुलिस की मौजूदगी में उतारी गई है। उन्होंने कहा कि 25 फरवरी को विधायक अजय सोलंकी विधिवत्त पार्किंग का उद्घाटन करेंगे।