एडीएम सिरमौर ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
100 दिन के जनभागीदारी अभियान की प्रगति का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। क्षय रोग मुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर सिरमौर जिला में चल रहे स्क्रीनिंग अभियान में स्वास्थ्य विभाग तेजी लाए। बाकी विभाग भी इसमें सहयोग करें। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) एलआर वर्मा ने ये निर्देश नाहन में अभियान की प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में दिए।
उन्होंने कहा कि जिले में 100 दिन में स्क्रीनिंग के लिए 75,358 की आबादी का चयन किया है। चयनित आबादी तक विभाग की ओर से गठित टीमें समय रहते पहुंचे। क्षय रोग से ग्रसित और लक्षणों वाले लोगों की पहचान कर उनकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित करें। साथ ही उन्हें इस रोग के लक्षणों और बचाव के बारे में भी जागरूक करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों में क्षय रोग की स्क्रीनिंग को लेकर अभियान जोरों पर है। क्षय रोग संभावित लक्षणों वाले लोगों के एक्स-रे करवाए जा रहे हैं। इसके लिए निजी स्वास्थ्य संस्थानों को भी साथ जोड़ा जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह स्क्रीनिंग अवश्य करवाएं। इसमें डरने की कोई बात नहीं है। लोगों के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला में 7 दिसंबर से क्षय रोग मुक्त भारत को लेकर स्क्रीनिंग अभियान शुरू किया गया है। विभाग की टीमें घर-घर जाकर क्षय रोग को लेकर स्क्रीनिंग कर रही हैं। जिन लोगों में क्षय रोग के लक्षण पाए जा रहे हैं उनके बलगम के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। साथ ही एक्स-रे करवाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. निसार अहमद, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल, डॉ. अनिकेत, डॉ. पीटर डिसूजा, टीबी चैंपियन अनिल कुमार के अलावा विभिन्न विभागों और एनजीओ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
...संवाद