शिंगला पंचायत में शुक्रवार को अंतर पीढ़ीगत बंधन और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को बच्चों और बुजुर्गों के बंधन बारे जागरूक किया। शिविर का आयोजन तहसील कल्याण विभाग ने किया। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। तहसील कल्याण विभाग ने कहा कि अच्छी नौकरी की तलाश में युवा दूसरे शहरों में जा रहे है। युवा पैसा तो कमा रहे है, लेकिन घर पर बुजुर्ग माता-पिता, दादा-दादी अकेले रह गए हैं, इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। घर पर रहने वाले युवा भी अधिक समय मोबाइल को ही दे रहे है। जमाने के साथ हमारी सोच भी बदल रही है। घर पर रहने वाले युवा भी बड़ों से बात करने और उनकी कहानियां सुनने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाते। युवा मोबाइल को ही अपनी दुनिया बना रहे है। घर में रहने के बावजूद भी वे सभी लोगों के साथ बैठने के बजाय अकेले बैठकर मोबाइल चलाना पसंद करते है। पहले के समय में युवा अपने बुजुर्गों के पास बैठकर उनके अनुभवों की कहानियां सुना करते थे और उन कहानियों से सीखते थे, लेकिन अब एक घर में रहने के बावजूद भी बच्चों में बड़ों के प्रति को प्रेम भावना नहीं है। उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों के पास बैठने और उनके अनुभवों की कहानियों को सुनने का आह्वान किया। इससे समाज में बुजुर्गों के प्रति प्रेम भावना रहेगी, जो स्वस्थ समाज के लिए आवश्यक है। स्वास्थ्य शिविर में डॉ. आशीष नेगी ने लोगों के बीपी, शुगर, एचआईवी और एक्सरे जांच की गई। मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई। शिविर में 40 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। नेगी ने सभी को स्वस्थ रहने और स्वच्छ भोजन ग्रहण करने के बारे जानकारी दी।