भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) क्षेत्रीय व्यवसाय केंद्र मंडी ने अपने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसएस) के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला अपर पंडोह के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से आवश्यक सामग्री भेंट की। इस पहल से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को आधुनिक एवं सुविधाजनक वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। एसबीआई प्रबंधन ने स्कूल को तीन हीटर, तीन पंखे, एक एक्वागार्ड, एक कंप्यूटर, एक प्रिंटर, एक अलमारी, एक लाइब्रेरी अलमारी, 20 डेस्क, एक फ्रिज तथा बच्चों के बैठने के लिए टेबल सहित अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवाया गया। इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला अपर पंडोह के प्रभारी दिनेश शर्मा ने क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार राणा का स्कूल की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बैंक की ओर से प्रदान की गई सामग्री से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और उनका मनोबल भी बढ़ेगा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का स्वागत किया। क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार राणा ने कहा कि जरूरतमंद लोगों और संस्थानों तक आवश्यक संसाधन पहुंचाने के लिए एसबीआई सदैव तत्पर है। भविष्य में भी शिक्षा एवं समाजहित के कार्यों में सहयोग जारी रहेगा।