प्रदेश भाजपा मीडिया सहप्रभारी रजत ठाकुर ने कहा कि सिविल अस्पताल धर्मपुर को सरकार ने आदर्श अस्पताल का दर्जा दिया है, लेकिन यहां सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है। पूर्व सरकार ने यहां आलीशान भवन बनाकर तैयार किया है। बी ब्लाक का कार्य पूरी तरह से ठप पड़ा है। कांग्रेस सरकार एक ईंट तक नहीं लगा पाई है। धर्मपुर में जारी बयान में रजत ठाकुर ने कहा कि अस्पताल में स्थानीय विधायक ने अल्ट्रासांउड की मशीन का शुभारंभ किया, लेकिन सुविधा अब मिल नहीं रही है। यहां न तो ऑपरेशन थियेटर और न ही लेबर रूम है। जबकि यहां विशेषज्ञ डाक्टर उपलब्ध है। बिना सुविधाओं के वह भी नहीं कर सकते हैं। इसके साथ ही अस्पताल में डाक्टर के बैठने के लिए उचित फर्नीचर की व्यवस्था तक नहीं है। अस्पताल में एक भी सफाई कर्मचारी तक नहीं है। कहा कि स्वास्थ्य मंत्री धर्मपुर में आए उन्होंने यहां नई घोषणाएं कीं, लेकिन न तो यहां इस अस्पताल के एसएमओ की सुविधा दी और न ही यहां बी ब्लाक का कार्य शुरू हो पाया है।