मंडी जिले के नाचन और सराज क्षेत्र में सेब सीजन की शुरुआत के साथ ही यहां का रसीला सेब पड़ोसी राज्यों की मंडियों में पहुंचना शुरू हो गया है। सीजन के पहले दिन चंडीगढ़ और परवाणू मंडियों में अर्ली वैरायटी के सेब की पेटी 2,000 से 2,500 रुपये तक बिकी, जिससे क्षेत्र के बागवानों में खुशी की लहर है। कमरूघाटी, गोहर, थुनाग, जंजैहली और आसपास के बागानों में मंगलवार से सेब की तुड़ान शुरू हो गई। बागवानों ने ग्रेडिंग और पैकिंग के बाद पहली खेप ट्रकों के माध्यम से चंडीगढ़ और परवाणू की मंडियों के लिए रवाना की। शुरुआती बिक्री में मिले अच्छे दामों से किसानों को पूरे सीजन के बेहतर रहने की उम्मीद जगी है। नाचन फल एवं सब्जी उत्पादक संघ के प्रधान बीके ठाकुर ने बताया कि समय पर तुड़ाई, बेहतर ग्रेडिंग और सावधानीपूर्वक पैकिंग के कारण मंडियों में मंडी जिले के सेब की अच्छी मांग बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो इस बार बागवानों को पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर दाम मिलने की पूरी संभावना है। बागवान लाभ सिंह, यशवंत सिंह, चंद्रमणि, दीवान चंद, सीता राम, हरीश, हेम सिंह, ऋषभ, रमेश ठाकुर, नंद लाल, मुरारी लाल, चमन, हेमराज और लीला प्रकाश ने बताया कि सीजन की शुरुआत अच्छे दामों के साथ हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र के बागवानों में उत्साह का माहौल है।