केंद्र सरकार के मेरा युवा भारत कार्यक्रम के तहत मंडी में मेरा भारत-मेरा वोट का संदेश देने के लिए एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के कैंपस से कुलपति प्रोफेसर ललित अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उपस्थिति सभी युवाओं और अन्य लोगों को मतदान की शपथ भी दिलाई गई। युवाओं ने रैली के माध्यम से लोगों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का संदेश देने के साथ ही आहवान भी किया। नेहरू युवा केंद्र मंडी की जिला युवा अधिकारी भारती मोंगरा ने बताया कि केंद्र सरकार ने युवा भारत कार्यक्रम के तहत 25 जनवरी से 30 जनवरी तक मेरा भारत-मेरा वोट अभियान को चलाया है जिसके तहत जिला भर में ऐसे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करके लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार इस अभियान के माध्यम से लोगों को यही संदेश देना चाहती है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए उनके मताधिकार की कितनी ज्यादा अहमियत है। खास उन युवाओं को अपने मताधिकार को एक उत्सव के रूप में मनाना चाहिए जो पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।