छोटी काशी मंडी में शिवरात्रि की संध्या पर इस बार भी भव्य ब्यास आरती का आयोजन किया जाएगा। गत वर्ष प्रशासन ने काशी में गंगा की तर्ज पर छोटी काशी में ब्यास आरती को आयोजित करवाया था। यह एक ऐसा भव्य आयोजन था जिसे सभी ने खूब सराहा था। लोगों ने इस वर्ष भी इसे और भव्य तरीके से आयोजित करने की मांग रखी थी। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि इस वर्ष 15 फरवरी को शिवरात्रि की संध्या पर ब्यास आरती का आयोजन किया जाएगा। यह आरती पंचवक्त्र मंदिर के पास ब्यास नदी के तट पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार ब्यास आरती के दौरान शिव तांडव की प्रस्तुति भी दी जाएगी और एक लेजर शो का आयोजन भी किया जाएगा जिसके माध्यम से भगवान शिव की महिमा के बारे में बताया जाएगा। ब्यास आरती को काशी से आए पंडितों द्वारा ही किया जाएगा। ये वही पंडित होंगे जो काशी में गंगा आरती करते हैं। गत वर्ष भी इन्हीं पंडितों द्वारा ब्यास आरती की गई थी। डीसी मंडी ने लोगों से अपील की है कि वे ब्यास आरती में बढ़चढ़ कर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं और इस धार्मिक कार्यक्रम के माध्यम से भगवान शिव की महिमा के बारे में जानने का प्रयास करें।