हिमाचल प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन की जूनियर और सब जूनियर की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं मंडी जिला के राजगढ़ में और शिमला जिला के जुब्बल में आयोजित की जाएंगी। इसके लिए मंडी जिला की टीमों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। आज टीम का चयन करने के लिए पड्डल मैदान में ट्रायल का आयोजन किया गया जिसमें जिला भर से आए 180 खिलाड़ियों ने भाग लिया। मंडी जिला कबड्डी एसोसिएशन के प्रधान श्याम लाल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि सब जूनियर की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 7 नवंबर से शिमला जिला के जुब्बल में जबकि जूनियर वर्ग की मंडी जिला के राजगढ़ में 13 से 15 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए खिलाड़ियों के ट्रायल लिए जा रहे हैं। ट्रायल के आधार पर पुरूष और महिला वर्ग की टीमों का चयन किया जाएगा और उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि कुछ ट्रायल 26 अक्तूबर को आयोजित किए गए थे लेकिन बहुत से खिलाड़ी अन्य प्रतियोगिताओं में शामिल होने गए थे जिस कारण वे ट्रायल में शामिल नहीं हो पाए, इसलिए आज दोबारा से ट्रायल रखे गए थे। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया गया है और उनकी इसी प्रतिभा के आधार पर चयन किया जाएगा। इस मौके पर मंडी जिला कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन टेक चंद शर्मा और सचिव नेत्र सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।