लंबाथाच कॉलेज में लंबे समय से खाली पड़े प्रोफेसरों के पदों और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर मंगलवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की लंबाथाच इकाई ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई। धरने में एसएफआई मंडी जिला सचिव कॉमरेड दीपक ने कहा कि कॉलेज में रसायन शास्त्र, शारीरिक शिक्षा, अंग्रेजी (दो पद), भूगोल, संगीत और गणित विषयों के प्रोफेसरों के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। पद रिक्त रहने से पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। छात्रों ने मांग की कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन पदों को तुरंत भरा जाए। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज का विज्ञान भवन पिछले छह वर्षों से अधूरा पड़ा है, जिससे विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं और व्यावहारिक कक्षाओं में दिक्कतें आ रही हैं। छात्रों ने सरकार से निर्माण कार्य तुरंत शुरू करने की मांग की। धरने के दौरान यह मुद्दा भी उठा कि इस साल बरसात में नदी का पानी कॉलेज परिसर में घुस गया था, जिससे भवन और फर्नीचर को नुकसान हुआ। छात्रों ने कॉलेज की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल के निर्माण की भी मांग की। दीपक ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग को छात्रों की समस्याओं पर संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो एसएफआई आंदोलन को जिला स्तर पर तेज करेगी और शिक्षा विभाग का घेराव भी किया जाएगा। इस मौके पर एसएफआई लंबाथाच यूनिट अध्यक्ष मनीष, निशु, तनीषा, महेंद्र सिंह और विजय समेत करीब 70 छात्रों ने भाग लिया।