किरतपुर-मनाली फोरलेन पर टकोली टोल प्लाजा में पंजाब के युवकों और स्थानीय लोगों में विवाद हो गया। पंजाब के युवकों पर हुड़दंग मचाने, तलवार लहराने और लोगों पर गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगा है। घटना में एक स्थानीय युवक जख्मी हो गया। उसकी पहचान विपन कुमार के रूप में हुई है। विपन को सिर और आंख में चोट आई है। घटना रविवार रात 8:30 बजे हुई। औट पुलिस थाने में क्राॅस एफआईआर दर्ज की गई है। पंजाब के जालंधर के रहने वाले चार आरोपी थार में मनाली से वापस आ रहे थे। टोल प्लाजा पर टोल नहीं देने को लेकर हंगामा हो गया और आरोपियों ने टोल प्लाजा स्टाफ से बहस शुरू कर दी। इसे देख आसपास की भीड़ भी एकत्रित हो गई। स्थानीय पंचायत के प्रधान सुंदर ठाकुर ने बताया कि रविवार रात 8:30 बजे के करीब टकोली टोल प्लाजा पर यह घटना हुई। उन्होंने तुरंत औट पुलिस थाना को सूचना दी गई। तलवारबाजी में किनारे खड़ा एक स्थानीय ग्रामीण विपन कुमार घायल हो गया। हुड़दंगियों ने भीड़ पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास भी किया। विवाद बढ़ता देख औट पुलिस थाना प्रभारी कर्ण सिंह टीम के साथ पहुंचे और कार्रवाई शुरू की। बाद में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।