बैजनाथ-लडभड़ोल-कांडापत्तन मुख्य मार्ग पर बलोटु के पास पानी की उचित निकासी न होने से सड़क की हालत बेहद खस्ता हो गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भरा रहता है, जिससे यहां हर समय हादसों का खतरा मंडराता रहता है। इस जलभराव और भारी फिसलन का सबसे ज्यादा खामियाजा दोपहिया वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है,जिनके लिए यहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं है। स्थानीय निवासियों अनिल आदि ने रोष जताते हुए कहा कि यह समस्या कई सालों से जस की तस है। लोक निर्माण विभाग मरम्मत के नाम पर गड्ढों में सिर्फ पत्थर और मिट्टी भर देता है, जो पहली ही बारिश में बह जाते हैं। यह महत्वपूर्ण सड़क नेरी, सिमस, लांगणा और धर्मपुर जैसे दर्जनों गांवों को जोड़ती है और रोजाना यहां से हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को पैदल चलने में भी भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इसके स्थायी समाधान की गुहार लगाई है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पवन गुलेरिया ने आश्वासन दिया है कि विभाग की जेसीबी मशीन फ्री होते ही रेस्ट हाउस की तरफ से जल निकासी का काम तुरंत शुरू करवा दिया जाएगा।