फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mandi: टीहरा वार्ड में 154 वोटों का अंतर बना बड़ा सवाल, वंदना गुलेरिया ने उठाए मतगणना पर सवाल

जिला परिषद टीहरा वार्ड से भाजपा समर्थित उम्मीदवार रहीं वंदना गुलेरिया ने चुनाव परिणामों के बाद मतगणना प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि मतदान केंद्रों पर पड़े कुल मतों और मतगणना के दौरान गिने गए मतों में 154 वोटों का अंतर सामने आया है, जो पूरे मामले को संदेह के घेरे में लाता है। वंदना गुलेरिया ने स्पष्ट किया कि उन्हें चुनाव परिणाम से कोई आपत्ति नहीं है और वह विजयी प्रत्याशी का सम्मान करती हैं, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 154 मतों के अंतर की जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि मतदान केंद्रों पर पड़े कुल वोट और मतगणना में गिने गए वोटों के आंकड़ों में अंतर है तो यह जानना जनता का अधिकार है कि आखिर ये वोट कहां गए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सबसे महत्वपूर्ण है। यदि मतों की संख्या में अंतर पाया गया है तो संबंधित अधिकारियों को इसकी जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल किसी एक उम्मीदवार का नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों के विश्वास से जुड़ा हुआ है। वंदना गुलेरिया ने इस संबंध में एसडीएम धर्मपुर को एक ज्ञापन भी सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा मतदान और मतगणना से संबंधित सभी अभिलेखों का मिलान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस विषय पर तथ्यात्मक स्थिति सार्वजनिक करे ताकि मतदाताओं के मन में किसी प्रकार की शंका न रहे। राजनीतिक गलियारों में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों और स्थानीय लोगों के बीच 154 वोटों के अंतर को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं चल रही हैं। वहीं प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और अधिकारियों के आगामी कदमों पर टिकी हैं। यदि मतों के आंकड़ों में वास्तव में अंतर पाया गया है तो उसके कारणों का खुलासा होना आवश्यक माना जा रहा है। इससे न केवल चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित होगी बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का विश्वास भी और मजबूत होगा। वंदना गुलेरिया ने कहा कि मैं चुनाव परिणाम का सम्मान करती हूं और विजयी प्रत्याशी के साथ हूं, लेकिन मतदान केंद्रों पर पड़े मतों और गिने गए मतों में 154 वोटों का अंतर आखिर कहां गया, इसका जवाब मिलना चाहिए उन्होनें कहा अगर जुबाव नहीं मिला तो वह इस मामले को उच्च न्यायालय में ले जायेगें। एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने बताया सभी वोटों की गिनती पूरी पारदर्शीता के साथ की गई है और इसमें किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं हुआ है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें