मंडी जिले के धर्मपुर उपमंडल की सिधपुर पंचायत के चलैला गांव की गरिमा शर्मा ने नीट में 720 में से 609 अंक लेकर अपने माता-पिता, स्कूल का नाम रोशन किया है। गरिमा शर्मा ने अपनी 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई डॉ. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी बोर्डिंग स्कूल धर्मपुर से प्राप्त की । इस पाठशाला में मेरिट के आधार पर नौवीं कक्षा में प्रवेश करने वाले गरीब बच्चों को 12वीं कक्षा तक निशुल्क शिक्षा दी जाती है। बच्चों की शिक्षा का खर्च साईं इटरनल फाउंडेशन की ओर से किया जाता है। गरिमा शर्मा एक गरीब परिवार से संबध रखती हैं और वर्ष 2022 में पाठशाला से अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद कोचिंग की। पिछले वर्ष नंबर कम आने के कारण उनका चयन नहीं हो पाया था लेकिन इस वर्ष नंबर अच्छे आने से उनको पूरी उम्मीद है कि उन्हें अच्छा मेडिकल कॉलेज मिल जाएगा। गुरुवार को गरिमा शर्मा डॉ. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी बोर्डिंग स्कूल धर्मपुर पंहुचीं। जहां अध्यापकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की । बोर्डिंग स्कूल धर्मपुर के प्रशासक सुभाष ठाकुर व पाठशाला के समस्त स्टाफ ने बच्चों को बधाई दी। गरिमा शर्मा ने बताया कि उनका सपना पहले से ही डॉक्टर बनकर गरीब लोगों की सेवा करना था और उनके माता-पिता के आशीर्वाद व सहयोग से यह सपना पूरा हुआ है । उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता संतोष कुमारी व पिता कालीदास व अपने अध्यापकों को दिया। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वह अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे पूरा करने में जुट जाए तथा सोशल मीडिया से दूर रहें। तभी वह इस लक्ष्य को पूरा कर किया जा सकता है।