धर्मपुर को स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया गया छह दिवसीय जागरूकता अभियान संपन्न हो गया। साइन इटरनल फाउंडेशन के सौजन्य से आईटीआई और डॉ. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धर्मपुर की ओर से आयोजित इस पहल में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लोगों को प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। अभियान के अंतिम दिन प्रधानाचार्य ओमप्रकाश, डीपी विजय ठाकुर और स्कूल के अन्य कर्मचारियों के नेतृत्व में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने ढोल-नगाड़ों, पोस्टर मेकिंग और प्रेरणादायक नारों के माध्यम से स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने लोगों से सिंगल-यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और अपने आसपास सफाई बनाए रखने की अपील की। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य धर्मपुर क्षेत्र में प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रदूषण कम करने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना था। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरे का अनुचित निपटान प्रकृति, मिट्टी और आसपास के वातावरण के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अभियान के माध्यम से नागरिकों से कचरा डस्टबिन में डालने, प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल घटाने और उनकी जगह कपड़े या जूट से बने थैलों को अपनाने का आग्रह किया गया। लोगों को यह भी संदेश दिया गया कि प्लास्टिक कचरा सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें, बल्कि उसका उचित निपटान करें। आयोजकों ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखना केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का काम नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर भी पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया जा सकता है। अभियान के समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों से स्वच्छता तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने के संदेश को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की गई। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों ने बताया कि सामूहिक प्रयासों और जिम्मेदार व्यवहार से स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।