गोहर उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चैलचौक के खेल मैदान के समीप लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से बनाई जा रही रिटेनिंग वॉल (डंगा) का निर्माण पिछले दो महीनों से अधूरा पड़ा है। लगातार बारिश के बीच अधूरे निर्माण कार्य के कारण भूस्खलन होने से स्थानीय निवासी कुलदीप, पुत्र स्वर्गीय जय सिंह, का पांच कमरों का पक्का मकान और गौशाला खतरे की जद में आ गए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि बरसात के दौरान घर के समीप लगातार मलबा और ल्हासे गिर रहे हैं, जिससे हर समय मकान के ढहने का डर बना हुआ है। परिवार दहशत के माहौल में रह रहा है और किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों और प्रभावित परिवार ने प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग से अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते रिटेनिंग वॉल का निर्माण पूरा नहीं किया गया तो बरसात के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के विधायक विनोद कुमार ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभावित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर लोक निर्माण विभाग की ओर से तीन तिरपाल उपलब्ध कराए गए। अधिकारियों ने मौसम साफ होते ही रिटेनिंग वॉल का शेष निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने का आश्वासन दिया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा नहीं होता, तब तक परिवार की सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहेगा। उन्होंने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में चैलचौक स्थित लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता विशाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। मौसम सामान्य होते ही रिटेनिंग वॉल का शेष कार्य पूरा किया जाएगा।