रिवालसर (मंडी)। बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि बैहना-गागल-कुम्मी-नलसर सड़क पर 34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क के विस्तार की डीपीआर तैयार कर ली गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बल्ह के विकास में एक कांग्रेसी नेता अड़ंगा डाल रहा है। पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी लगातार दो बार चुनाव हारने के बाद अभी भी सदमे में हैं।
गांधी ने कहा कि पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी गलत आंकड़े पेश करके जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने बल्ह के गलमा में भी झूठ बोलकर लोगों को भटकाने की कोशिश की, जबकि गलमा पंचायत में विधायक निधि से 47 लाख रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए दी गई है। गलमा में विधायक प्राथमिकता के तहत पीडब्ल्यूडी की ओर से 6.20 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण करवाया गया। गलमा स्कूल के खेल मैदान, मंच और गेट समेत अन्य कार्यों पर 15 लाख रुपये खर्च किए गए।
उन्होंने कहा कि कलखर-नेरचौक सड़क के लिए 26 करोड़ रुपये मंजूर कर कार्य शुरू करवा दिया गया। प्रकाश चौधरी के गृह वार्ड में 65 लाख रुपये की राशि से विकास कार्यों की मंजूरी दी गई। नौ लाख रुपये की राशि से विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। गांधी ने कहा कि बल्ह के लोग अब प्रकाश चौधरी से मोहभंग हो चुके हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में बल्ह की जनता चौधरी को तीसरी बार सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी, जिससे हैट्रिक बनेगी।