गोहर (मंडी)। सराज में कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के लिए जंजैहली पहुंचे कांग्रेस प्रभारी मुज्जफर गुज्जर और पर्यवेक्षक गौरव भाटी के पहुंचने से पहले कांग्रेस नेता चेतराम ठाकुर, महेंद्र ठाकुर व युकां उपाध्यक्ष तरुण ठाकुर के समर्थन में नारेबाजी होने पर तनातनी हो गई। कांग्रेस पर्यवेक्षक के पहुंचने से पहले जंजैहली में नेता विशेष को प्रोजेक्ट करने को लेकर हुई नारेबाजी पर कांग्रेस नेता महेंद्र ठाकुर ने समर्थकों समेत कार्यक्रम से वॉकआउट कर दिया।
सराज के जंजैहली में कांग्रेस नेता महेंद्र ठाकुर ने चेतराम ठाकुर को दो टूक शब्दों में कहा कि संगठनात्मक बैठक में नेता विशेष को प्रोजेक्ट करने का कौन सा पार्टी का अनुशासन है। इस बीच कांग्रेस विचार विभाग के चेयरमैन विजयपाल ने महेंद्र ठाकुर को शांत किया और फिर बैठक स्थल पर लाए। कांग्रेस पर्यवेक्षक थोड़ा देरी से बैठक में पहुंचे। इसके बाद जंजैहली में पर्यवेक्षक मुज्जफर गुज्जर ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का संदेश दिया और पार्टी की मजबूती के लिए काम करने को कहा। इसके उपरांत अलग अलग गुटों में सराज के नेता चेतराम, विजयपाल और महेंद्र ठाकुर प्रभारी और पर्यवेक्षक से मिले तथा सराज के राजनीतिक परिदृश्य को सामने रखा।
उधर, महेंद्र ठाकुर ने कहा कि उन्होंने संगठनात्मक बैठक के दौरान चेतराम समर्थकों की नारेबाजी पर बैठक में प्रभारी के पहुंचने से पहले समर्थकों सहित वाकआउट किया। चेतराम ने कहा कि युवा कांग्रेस ने पर्यवेक्षक के आगमन के जोश में नारेबाजी की थी, जिससे किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।