जिला परिषद चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में जेष्ठा वार्ड से पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश्वर सिंह की बहू विभा सिंह ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। वह समर्थकों के साथ उपमंडल अधिकारी कुल्लू के कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने विधिवत रूप से अपना नामांकन प्रस्तुत किया। विभा सिंह इससे पहले धाउगी वार्ड से जिला परिषद का चुनाव लड़ चुकी हैं। इस बार वह अपने गृह वार्ड जेष्ठा से चुनाव मैदान में उतरी हैं। जेष्ठा वार्ड राजनीतिक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इस वार्ड से उनके पति हितेश्वर सिंह लगातार दो बार जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं और क्षेत्र में परिवार की अच्छी राजनीतिक पकड़ मानी जाती है। पिछले चुनाव में जेष्ठा वार्ड अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित था, जिसके चलते विभा सिंह चुनाव नहीं लड़ पाई थीं। इस बार वार्ड सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने का फैसला लिया है।