हरिपुर-मनाली स्थित माता नीलासुरी के दरबार में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मां दशमी वारदा भजन मंडली (सेऊबाग) तथा कन्या रूपी मां भागासिद्ध भजन मंडली के कलाकारों ने माता की भेंटों और भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दोनों भजन मंडलियों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिनसे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। विशेष रूप से कन्या रूपी मां भागासिद्ध भजन मंडली की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने माता नीलासुरी की महिमा का गुणगान करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजनों के बीच श्रद्धालु मां के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।