ज्वालामुखी(कांगड़ा)। शक्तिपीठ ज्वालामुखी के प्राचीन अष्टभुजा मंदिर में सोमवार को 28वें वार्षिक भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम के तहत माता की चौकी भी सजाई गई, जिसमें लोक गायक नवीन ने अपनी मधुर आवाज में माता रानी की भेंटें प्रस्तुत कर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत माहौल में श्रद्धालु माता की भेंटों पर झूमते नजर आए। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा। आयोजनकर्ता हरीश कपूर व परिवार की ओर से आयोजित इस वार्षिक धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लिया। माता की चौकी के दौरान गायक नवीन ने लगातार करीब तीन घंटे तक माता रानी की भेंटें गाकर उनका गुणगान किया। उनकी सुरीली आवाज और भक्ति गीतों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने माता रानी के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।