ग्राम पंचायत जटेहड़ी में लावारिस पशुओं की बढ़ती संख्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाने से लेकर सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा पैदा करने तक, इन पशुओं से किसान और आम लोग दोनों प्रभावित हो रहे हैं। समस्या से राहत पाने के लिए ग्रामीणों ने प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। इस संबंध में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल हमीरपुर पहुंचा और एसडीएम संजीत से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल रविंद्र कुमार, मीनू शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में लावारिस पशुओं की संख्या लगातार परेशानी बढ़ा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, ये पशु खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों के लिए अपनी फसल बचाना और खेती करना मुश्किल हो रहा है। किसानों को दिनभर खेतों की निगरानी करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि लावारिस पशु सड़कों पर भी बैठे रहते हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और हर समय सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर सड़क पर अचानक पशु सामने आने से वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम संजीत से आग्रह किया कि पंचायत क्षेत्र में घूम रहे लावारिस पशुओं को जल्द से जल्द गोशाला पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों की फसलों को बचाया जा सके और सड़क पर चलने वाले लोगों को भी राहत मिले। एसडीएम संजीत ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।