पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बदारन में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता को समर्पित विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। आज के दिवस की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरदीप ठाकुर तथा उपप्रधानाचार्य विजय सोनी के मार्गदर्शन से हुई। एनएसएस प्रभारी ऑफिसर हरदीप और मीनाक्षी के निर्देशन में स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। स्वयंसेवियों ने झाड़ू लगाकर, कचरा एकत्रित कर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाकर स्थानीय निवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। बच्चों ने स्वच्छ विद्यालय-स्वच्छ भारत का नारा देते हुए लोगों को सफाई के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम में प्राध्यापक विजय ने छात्रों को स्वच्छता को दैनिक जीवन में शामिल करने पर प्रेरक संदेश दिया। वहीं कंप्यूटर शिक्षक वीरेंद्र भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।