राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने मंगलवार को डिडवीं टिक्कर के एक निजी स्कूल में नशे के विरूद्ध जागरूक किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे की गंभीर समस्या को रोकने और चिट्टे जैसे बहुत ही खतरनाक नशीले पदार्थ के सेवन एवं तस्करी को पूरी तरह समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक विशेष अभियान आरंभ किया है। इस अभियान में सभी लोगों को सक्रिय सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल में भी चिट्टे के नशे से कई युवा बर्बाद हो रहे हैं। अगर इस पर काबू नहीं पाया गया तो यह हमारी युवा पीढ़ी को तबाह कर देगा। विद्यार्थियों और युवाओं को नशे से बचाकर ही हम अपने देश एवं समाज का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं।