कुछ हटकर करने के जज्बे के चलते हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत कश्मीर की बेटी नैंसी ने बस चलाने के लिए स्टीयरिंग थामा है। नैंसी हिमाचल की पहली निजी बस चालक बनी हैं। नैंसी ने निजी बस सर्विस आरटीसी में बतौर चालक सेवाएं देना शुरू कर दी हैं। गुरुवार को पहले दिन नैंसी ने गलोड रूट की बस में बताैर चालक सेवाएं दीं। हमीरपुर बस अड्डे पर पहुंचते ही बस प्रबंधक विजय ने टोपी व पुष्प देकर नैंसी का स्वागत किया। बस अड्डे पर सवारियों से भरी बस लेकर पहुंचीं चालक नैंसी ने हौसला अफजाई के लिए खुशी जाहिर की। नैंसी ने बीते वर्ष ही एचआरटीसी हमीरपुर में बस चलाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया है और इससे पहले वह कांगडा में एबुंलेंस चला रही थीं और अब हमीरपुर में निजी बस चलाने वाली पहली महिला चालक बनी हैं। नैंसी ने बताया कि छोटी गाड़ी चलाने से सफर शुरू हुआ था और माता-पिता ने चालक बनने के लिए सहमति दी और उसके बाद दो माह का एचआरटीसी में प्रशिक्षण लेकर लाइसेंस लिया है।