संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ ने गुरुवार को तहसील हमीरपुर के अधीन एक कानूनगो वृत (नाल्टी) व चार पटवार वृतों (हमीरपुर, बध्याना, अमनेड व मैड़) की चाबियां तहसीलदार हमीरपुर को सौंप दीं। इन सभी कार्यालयों में आपदा से संबंधित कार्य को छोड़कर कोई अन्य कार्य नहीं होगा। तहसील हमीरपुर के अन्य सभी सर्कलों में भी ऑनलाइन कार्य बंद ही रहेगा। महज आपदा से संबंधित कार्य ऑनलाइन किए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिला प्रधान मीना शर्मा, राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय कुमार, कानूनगो सतीश कुमार, पटवारी सोनिया शर्मा, राधेश्याम, विनोद शर्मा, संजीव कुमार, वासुधर शर्मा आदि उपस्थित रहे। जिला प्रधान मीना शर्मा ने कहा कि अगर सरकार हमारी मांगों को नहीं मानती है या हमारे संघ के सदस्यों के साथ कोई वार्ता नहीं करती है तो आने वाले समय में यह आंदोलन उग्र रूप से ले सकता है। हमारा उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं है लेकिन सरकार को मांगों पर सहानुभूति प्रकार विचार-विमर्श करना चाहिए।