फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur War Memorial: दो-दो शिलान्यास, चार साल का इंतजार... वीरभूमि हमीरपुर का युद्ध स्मारक अब भी अधूरा

हमीरपुर जिले में शहीदों की स्मृति में प्रस्तावित युद्ध स्मारक का निर्माण चार वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो सका है। दो अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल में मुख्यमंत्री स्तर पर दो बार शिलान्यास होने के बावजूद परियोजना अभी भी अधूरी पड़ी है। हाल ही में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर इसी स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अधूरा निर्माण एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया। युद्ध स्मारक का पहला शिलान्यास 26 जुलाई 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया था। इसके बाद सरकार बदलने पर 9 जुलाई 2023 को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दोबारा आधारशिला रखी। सैनिक कल्याण विभाग ने निर्माण के लिए 14 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की, जिससे भूमि समतलीकरण, डंगा निर्माण और प्रारंभिक कार्य पूरे किए गए। हालांकि इसके बाद शेष बजट जारी नहीं हो पाया और निर्माण कार्य रुक गया। करीब 75 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए अब अतिरिक्त बजट की स्वीकृति का इंतजार किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर पहले चरण में बने डंगे के कई हिस्सों में धंसाव दिखाई दे रहा है। सीढ़ियों की टाइलें भी टूट चुकी हैं और परिसर में निर्माण सामग्री बिखरी हुई है। प्रस्तावित युद्ध स्मारक शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक परिसर के साथ विकसित किया जाना है। यहां ग्रेनाइट की पट्टिका पर हमीरपुर जिले के विभिन्न युद्धों और सैन्य अभियानों में शहीद हुए लगभग 345 वीर जवानों के नाम अंकित किए जाएंगे। स्मारक में अमर जवान की प्रतिमा, राइफल और हेलमेट का प्रतीक, पार्क तथा आधुनिक प्रकाश व्यवस्था भी प्रस्तावित है। उपनिदेशक, सैनिक कल्याण विभाग हमीरपुर स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा ने बताया कि शेष निर्माण के लिए सरकार को बजट स्वीकृति का प्रस्ताव भेजा गया है। राशि मिलते ही इसे लोक निर्माण विभाग को जारी कर निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें