फस्टे पंचायत के ट्यालू गांव में प्रवासी मिस्त्री दिग्विजय उर्फ गांगुली की हत्या के मामले में फरार आरोपी संतोष सहनी को पुलिस ने बिहार के मधुबनी जिले के सहनी गांव से गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में दूसरा आरोपी सुरजीत निवासी फस्टे पहले से न्यायिक हिरासत में है। पुलिस के अनुसार, 13 अक्तूबर की रात ट्यालू गांव में तीन हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान दिग्विजय अपने साथ काम करने वाले सहायक मजदूरों सुरजीत और संतोष के साथ बैठा था। तीनों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद पैसों के हिसाब को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों मजदूरों ने फावड़े से वार कर दिग्विजय की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। अगले दिन मिला था शव वारदात का खुलासा अगले दिन हुआ था। रामलीला देखने जा रहे कुछ लोगों ने सुनसान स्थान पर बने कच्चे मकान के बरामदे में दिग्विजय का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया फावड़ा बरामद किया था। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस ने घटना के दिन ही सुरजीत को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि संतोष की तलाश जारी थी। अब दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे वारदात के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक बलबीर ठाकुर ने बताया कि प्रवासी मिस्त्री की हत्या के मामले में फरार दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जांच के लिए आरोपी को पांच दिन का पुलिस रिमांड मिला है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।