ग्राम पंचायत ऊहल के ग्रामीणों की शिकायत पर बुधवार को किन्नर समुदाय के लोग उपायुक्त अमरजीत सिंह से मिले। उन्होंने उपायुक्त से ग्रामीणों के साथ किए गए अभद्र व्यवहार को लेकर माफी मांगी की। इससे पूर्व सोमवार को परनाली गांव से महिलाओं ने उपायुक्त हमीरपुर से किन्नरों की ओर किए गए अभद्र व्यवहार को लेकर मुलाकात की थी। जिस पर प्रशासन की ओर से किन्नर समुदाय से जवाब मांगा गया। बुधवार को कार्रवाई के लिए दोनों पक्षों को उपायुक्त कार्यालय में बुलाया गया। जिसपर ग्रामीणों से अभद्र व्यवहार के संदर्भ में किन्नर समुदाय के लोगों उपायुक्त व ग्रामीणों से क्षमा मांगकर आगामी समय में इस प्रकार कार्य न करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने मामले पर कार्रवाई को लेकर उपायुक्त का आभार व्यक्त किया। उपायुक्त हमीरपुर अमरजीत सिंह ने कहा कि किन्नर समुदाय के लोगों को हिदायत दी गई कि ग्रामीणों से उनकी श्रद्धा के अनुसार ही बधाई प्राप्त करें। ताकि गरीब वर्ग के लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। महिला मंडल परनाली प्रधान सुमन चौहान ने कहा कि किन्नर समाज के लोगों ने उनसे अभद्र व्यवहार के लिए माफी मांगी है। भविष्य में लोगों द्वारा श्रद्धा अनुसार दी गई बधाई प्राप्त करने की बात कही है। इससे ग्रामीणों को परेशानी नहीं होगी। किन्नर समुदाय के अनुसार जिसने परनाली गांव में लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया है, उसे कुनबे से बाहर कर दिया है। भविष्य में ग्रामीणों द्वारा दी गई बधाई राशि प्राप्त करेंगे।