स्थानीय बाजार में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के विकास चर्चा प्रभारी एवं जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के निवर्तमान अध्यक्ष सुमन भारती ने की। इस मौके पर सुजानपुर के विधायक कैप्टन रंजीत राणा और पूर्व ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर व धर्मपुर में आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान सुमन भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हर संभव मदद देकर पीड़ितों का मनोबल बढ़ाया है। वहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने आपदा प्रभावित परिवारों की सुध तक नहीं ली। बैठक में आगामी पंचायती चुनावों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने की रणनीति बनाई। तय किया गया कि पार्टी समर्थित प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर संगठित होकर कार्य करेंगे। इस मौके पर कांग्रेस विधायक कैप्टन रंजीत राणा ने कहा कि कांग्रेस का मंच हर कार्यकर्ता के लिए खुला है और हर किसी को अपनी समस्या रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह जनता को विपक्ष के झूठे प्रचार से सचेत करें और प्रदेश सरकार की नीतियों व उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं। बैठक में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने भी विचार रखे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकमत होकर एकजुटता पर बल दिया और कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस मजबूती से मैदान में उतरेगी।