हमीरपुर में बिजली बिलों का बकाया लगातार बढ़ता जा रहा है। सरकारी विभागों और कुछ उपभोक्ताओं पर लंबित बिलों के कारण बिजली बोर्ड पर वित्तीय दबाव बढ़ गया है। बिजली बोर्ड हमीरपुर का कुल बकाया करीब 21 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा जल शक्ति विभाग का है, जिस पर लगभग 14 करोड़ रुपये का बिजली बिल लंबित है। हमीरपुर जिले में घरेलू, व्यावसायिक और सरकारी विभागों सहित करीब 2.19 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। अधिकांश उपभोक्ता समय पर बिजली बिल जमा कर रहे हैं, लेकिन कुछ उपभोक्ताओं और कई सरकारी विभागों की ओर से भुगतान नहीं होने के कारण बकाया राशि लगातार बढ़ रही है। बिजली बोर्ड ने बकाया वसूली के लिए अभियान तेज कर दिया है। समय पर बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी रूप से काटे जा रहे हैं। बोर्ड का कहना है कि यह कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही है ताकि बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, आम उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली बोर्ड निजी उपभोक्ताओं के खिलाफ तो सख्ती दिखाता है, लेकिन सरकारी विभागों पर करोड़ों रुपये का बकाया होने के बावजूद उसी स्तर की कार्रवाई नहीं होती। इससे बकाया राशि लगातार बढ़ती जा रही है। बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता आशीष कपूर ने बताया कि लंबित बिलों की वसूली के लिए संबंधित विभागों से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बकाया राशि प्राप्त होगी। साथ ही सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की, ताकि कनेक्शन कटने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके और बिजली व्यवस्था सुचारू बनी रहे।