हमीरपुर जिले के 67 आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनेस केंद्र इंटरनेट की सुविधा से जुड़ गए हैं। बीएसएनएल की ओर से इंटरनेट की सेवाएं ली जा रही हैं। इससे दवाइयों का स्टॉक, मरीजों का रिकार्ड रखने में आसानी होगी। हालांकि इससे पहले केंद्र प्रभारी अपने स्तर पर मोबाइल से इंटरनेट का प्रयोग करते थे। कई बार इस कार्य करने में दिक्कतें आती थी। इंटरनेट की निरंतर सेवाएं लेने की जरूरत पर जिला के आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनेस केंद्रों की इंटरनेट सुविधा से जोड़ने की प्रक्रिया पिछले महीने आरंभ की गई थी। अब इस कार्य को संपन्न कर लिया गया है। अब मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग आसान होगी। स्वास्थ्य संस्थान प्रभारियों को मरीज का रिकॉर्ड, दवाइयों की स्टॉक स्टेटमेंट, फील्ड में स्वास्थ्य के संदर्भ में किए गए सर्वे की रिपोर्ट सहित तमाम जानकारी साझा करने में आसानी होगी। गौर रहे कि आयुष स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण के कुछ समय बाद कंप्यूटर सहित अन्य सामान दिया गया था लेकिन यह स्वास्थ्य केंद्र इंटरनेट की सुविधा से नहीं जुड़े थे। सरकारी दूरसंचार सेवा से जुड़ने का लाभ निसंदेह स्टाफ और मरीजों को मिलेगा। जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृजनंदन शर्मा ने बताया कि आयुष स्वास्थ्य एवं वेलनेस केंद्रों में इंटरनेंट की सेवाएं मिलना शुरू हो गई हैं। उन्होंने बताया कि मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग आसान हो जाएगी। करीब 67 आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में बीएसएनएल की इंटरनेट सेवाएं दी गई हैं।