भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को हमीरपुर में विशेष शिविर आयोजित किया गया। भारतीय थल सेना की मैकेनाइज्ड इनफेंट्री रेजिमेंट की ओर से यह शिविर ‘मिशन निरंतर मिलाप 1.0’ अभियान के तहत ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक परिसर में लगाया गया। शिविर का शुभारंभ ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने किया। उन्होंने मैकेनाइज्ड इनफेंट्री रेजिमेंट के अहमदनगर (महाराष्ट्र) सेंटर से पहुंचे अधिकारियों और सैनिकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए इस तरह की पहल महत्वपूर्ण है। शिविर के दौरान रेजिमेंट के अधिकारियों ने जिले के भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को पेंशन से जुड़े मामलों में मार्गदर्शन दिया। इस दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही निवारण किया गया, जिससे पूर्व सैनिकों को संबंधित मामलों के समाधान में सहायता मिली। शिविर में भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को उनके लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने संबंधित योजनाओं और सुविधाओं से जुड़े दस्तावेज तथा पंफलेट वितरित किए, ताकि लाभार्थी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकें। इस पहल का उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों तक पेंशन संबंधी सहायता तथा जरूरी जानकारी पहुंचाना रहा।