जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को यहां हमीर भवन में उपायुक्त अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2024-25 की वार्षिक ऋण योजना की पहली तिमाही की उपलब्धियों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए जिला में 2097.7 करोड़ रुपये के ऋण आवंटन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और पहली तिमाही में 760.59 करोड़ रुपये के ऋण आवंटित किए गए, जोकि वार्षिक लक्ष्य का 36.26 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि जिला में पहली तिमाही के दौरान सभी बैंकों की कुल जमा राशि 14804.26 करोड़ रुपये रही, जबकि ऋण की राशि 3434.64 करोड़ रुपये रही। इस दौरान जिला का ऋण-जमा अनुपात यानि सी.डी. अनुपात 23.20 प्रतिशत रहा।