आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने कमर कसना शुरू कर दी है। हमीरपुर में कांग्रेस राष्ट्रीय नेतृत्व के द्वारा नियुक्त किए गए संसदीय क्षेत्र के पर्यवेक्षक कुलदीप कुमार ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष कुलदीप पठानिया सहित ब्लॉक अध्यक्ष व फ्रंटल संगठन के प्रधानों के साथ बैठक की। इस दौरान चुनावों के लिए विभिन्न कमेटी बनाने पर विस्तृत चर्चा की। कुलदीप कुमार ने कहा कि पार्टी देश में बढ़ते सांप्रदायिक तत्वों को हराने के लिए पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। वहीं, उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान से फरवरी व मार्च माह में संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी को घोषित करने की बात भी की जाएगी । बैठक के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में कुलदीप कुमार ने कहा कि लोकसभा चुनावों की तैयारी के लिए हमीरपुर जिला के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि पार्टी माइक्रो लेवल तक अपनी कमेटियों गठित करने जा रही है और संसदीय क्षेत्र के सभी जिला मुख्यालय में चुनावों के लिए वॉर रूम भी बनाया जाएगा । उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन चुनावों में देश में बढ़ रही सांप्रदायिक ताकतों को हराने का काम करेगी और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से हर संसदीय क्षेत्र के लिए ऑब्जर्वरों की नियुक्ति कर दी गई है और आज की मीटिंग में लिए गए निर्णय को उनके समक्ष भी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के द्वारा न्याय यात्रा का उद्देश्य देश में आपसी सौहार्द बढ़ाना और सांप्रदायिक तत्वों को हराना है । वहीं कांग्रेस पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी की घोषणा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार कर भी भेजी जाएगी और प्रदेश के चारों सीटों पर मजबूत उम्मीदवार उतारा जाएगा । उन्होंने बताया कि हाल ही हुई बैठक में फरवरी या मार्च महीने तक प्रत्याशी के नाम की घोषणा करने पर बात की गई।