उत्तरी भारत के प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में बुधवार को ट्रस्ट की बैठक आयोजन किया गया। ट्रस्ट के पुर्नगठन के बाद यह पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंदिर में चल रहे विकास कार्यों, बकरा नीलामी तथा 64 करोड़ की लागत से प्रस्तावित एडीबी परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। इस बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट चेयरमैन एसडीएम बड़सर राजेंद्र गौतम ने की। हाल ही प्रदेश सरकार की ओर से ट्रस्ट का पुर्नगठन किया गया है। ऐसे में पहली दफा बैठक में पहुंचे ट्रस्टियों को स्वागत भी किया गया। ट्रस्ट अध्यक्ष राजेंद्र गौतम ने बैठक में ट्रस्टियों का स्वागत किया। इस दौरान 10 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बीते दिनों बकरा नीलामी पर सवाल उठे थे ऐसे में बैठक में इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। बकरा नीलामी के लिए नई एसओपी बनाने पर भी मंथन किया गया। इस प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाए इसके लिए लिए एसऔपी बनाने के निर्णय का सभी ने समर्थन किया है। इस प्रक्रिया में ट्रस्टियों को शामिल करने के अलावा नियमों में बदलाव भी किए जाएंगे। इसके अलावा 64 करोड़ के एडीबी प्रोजेक्ट के तहत प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा की गई। हर शनिवार और रविवार को दिव्यांगों, बुजुर्गों व बीमार लोगों के बस अड्डा से अप्पर बाजार तक निशुल्क टैक्सी सुविधा शुरू करने, शाहतलाई व चकमोह बाजार में में स्ट्रीट लाइट लगाने, न्याय अतिथि गृह के प्रयोग बारे, न्यास के शिक्षण संस्थानों में सीधी भर्ती करने बारे, शिक्षण संस्थानों के भूमि देने वालों को सम्मानित करने, निर्माण कार्य के चलते बकरों को रखने की वैकल्पिक व्यवस्था करने बारे, मंदिर कार्यालय को नवनिर्मित लंगर भवन शिफ्ट करने का निर्णय लेकर प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में मंदिर अधिकारी संदीप चंदेल, महंत श्री श्री 1008 राजेंद्र गिरी जी, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष चंद ढटवालिया, न्यासी पवन कालिया, कैप्टन सुरेंद्र सोनी, पुरुषोत्तम चंद शर्मा,रोशन लाल, डैनी जैसवाल सहित सभी न्यासी उपस्थित रहे।