विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा की जा रही पुनर्मूल्यांकन फीस में वृद्धि को लेकर तकनीकी विश्वविद्यालय के परिसर में प्रदर्शन किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर इकाई के भवानी सिंह ठाकुर की अगुवाई में परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्र हित में पुनर्मूल्यांकन फीस में वृद्धि को तुरंत वापस लेने की मांग करने के इलावा अन्य मांगों को भी जल्द पूरा करने का आह्वान किया। एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष भवानी सिंह ठाकुर ने कहा कि पुनर्मूल्यांकन एक छात्र का अधिकार है और इस पर अतिरिक्त शुल्क लगाना आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों पर सीधा आघात है।