राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंगला के विद्यार्थियों ने जागरुकता रैली निकाल कर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। विद्यालय परिसर से विद्यार्थियों की ओर से जागरुकता रैली निकाली गई, जोकि पूरी पंचायत का भ्रमण करने के बाद विद्यालय परिसर में वापिस पहुंच कर संपन्न हुई। जागरुकता रैली में स्कूली बच्चों ने नारों के माध्यम से लोगों को मतदान का महत्व बताया। मंगला विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि मतदान में ग्रामीणों की सहभागिता को बढ़ाने के लिए दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला की ओर से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी चंबा मुकेश रेपसवाल के निर्देशानुसार लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उपायुक्त चंबा के निर्देशानुसार समस्त स्कूल प्रंबधकों को मतदान को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और जागरुकता रैली निकालने के आदेश दिए गए हैं। शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंगला में मतदान क्लब, ईको और एनएसएस के तहत मतदाता जागरुकता रैली निकाली गई। इस दौरान लोगों से अपील की गई कि वे अपने घरों और गांवों के लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करते हुए मतदान कर अपने अधिकार का इस्तेमाल कर एक सशक्त सरकार बनाने में योगदान दें।